रांचीः झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू के नेतृत्व में पार्टी के मंत्री, विधायक मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके कांके रोड रांची स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर जेपीएससी और जेएसएसी सीजीएल की परीक्षाओं को रद्द करने के लिए आभार जताया.
साथ ही कहा कि कैबिनेट की बैठक में छात्र हित में राज्य सरकार द्वारा लिया गया यह महत्वपूर्ण निर्णय है.
मुख्यमंत्री ने नेताओं से कहा राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर राज्य सरकार पूरी तरह संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है, आगे भी लेती रहेगी.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेताओं के बीच राज्य में चल रहे विकासात्मक योजनाओं, जनहित एवं छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई.
