गुमलाः झारखंड के गुमला में सुरक्षा बलों ने झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा उर्फ रामदेव उरांव और उसके तीन अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा पर शासन की ओर से पांच लाख का इनाम घोषित था.
लोहरा के अलावा अरविंद नायक, मुनेश्वर सिंह और जितेन्द्र लोहरा को गिरफ्तार किया गया है.
उग्रवादियों के पास से एक एके-56 राइफल मैगजीन के साथ, एक एसएलआर रायफल, एक सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, एक वॉकी-टॉकी आठ मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
पुलिस को जानकारी मिली थी डुमरी थाना क्षेत्र के आकाशी और जयरागी गांवों के आसपास जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ सक्रिय है.
सुरक्षा बलों की एक विशेष ऑपरेशन टीम गठित कर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से रामदेव लोहरा और उसके दस्ते के तीन अन्य सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया.
