हजारीबागः झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र से हथियारबंद अपराधियों ने दिन दहाड़े लगभग तीन किलो सोना और चार लाख रुपये कैश लूट लिए हैं.
नकाबपोश अपराधी बैंक में घुसे और लगभग 15 मिनट तक घटना को अंजाम दिया है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर जांच की जा रही है.
हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने मीडिया को बताया है कि करीब तीन किलो सोना और चार लाख कैश की लूट की जानकारी मिली है. पुलिस जांच में जुटी है. चार अपराधी आए थे. तकनीकी तथा एफएसएल की टीम भी जांच में जुटी है. बहुत जल्दी अपराधियों को पकड़ा जाएगा. पुलिस की एक विशेष टीम गठित की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार अपराधी बैंक पहुंचे थे. ये सभी चेहरे छिपाए हुए थे. एक ने हेलमेट पहन रखा था. एक मास्क में था और अन्य गमछे से चेहरा ढके हुए थे. सभी के हाथों में देशी हथियार थे.
दिन के करीब सवा तीन बजते बैंक में घुसते हीअपरधियों ने बैंक कर्मियों के साथ मारपीट की और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद कर्मचारियों को डराकर लॉकर खुलवाया और उसमें रखा सारा सोना निकाल लिया. साथ ही काउंटर से नकद राशि भी समेट ली
बैंक के एक अधिकारी अजय राम ने बताया है कि सोना गिरवी रखकर लोगों ने कर्ज लिए थे. लूट के बाद अपराधियों ने हम सभी को स्ट्रांग रूम में बंद किया. इस दौरान मारपीट की.
बैंक के अंदर छानबीन की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. कैश और लॉकर का हिसाब बैंककर्मी कर रहे हैं. इसके बाद स्पष्ट हो सकेगा कि कितना सोना लूटा गया. वैसे तीन किलो की लूट संभावित है.
