रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ और जेपीएससी सिविल सेवा की 14वीं परीक्षा रद्द करने तथा सीबीआइ जांच की मांग को लेकर रांची में छात्रों और युवाओं के आंदोलन के समर्थन में बीजेपी ने भी प्रदर्शन का ऐलान किया है.
पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया है कि एक अगस्त को राज्य के सभी जिलों में भाजपा युवा मोर्चा की अगुवाई में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है. वहीं 31 जुलाई, शुक्रवार की शाम को भाजपा के द्वारा राज्य के सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकाल रही है.
प्रदेश महामंत्री ने विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, पिछले 6 वर्षों में हुई सभी परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने, गड़बड़ियों की जांच फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कराकर दोषियों को जेल भेजने, कांग्रेस द्वारा राज्य सरकार से तत्काल समर्थन वापस लेने और नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन के तत्काल इस्तीफे की मांग की है.
उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की इस न्याय की लड़ाई में, उनकी मांग के साथ बीजेपी खड़ी है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पार्टी के सांसदों के द्वारा लगातार दिल्ली में भी इस मामले को उठाया जा रहा है.
इसी सिलसिले में 29 जुलाई को संसद भवन परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया. जबकि 31 जुलाई को मौन आंदोलन कर पूरे देश का ध्यान झारखंड मामले की तरफ आकृष्ट कराया गया.
बाउरी ने दावा किया कि अब पूरा देश, झारखंड में हुई गड़बड़ी मामले को नोटिस कर रहा है.
उन्होंने कहा कि युवाओं का आक्रोश चरम पर है. हेमंत सरकार में इनका भरोसा टूट चुका है. ये लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं.
