चतराः झारकंड के चतरा में एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अगला किए गए छह ग्रामीणों को सकुशल मुक्त कराया है. इसके साथ ही पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. देसी भराठी बंदूक दिखाकर ये अपराधी उग्रवादी संगठन एमसीसी के नाम अपहृत ग्रामीणो से एक लाख की फिरौती मांग रहे थे.
ग्रामीणों के अगवा किए जाने की जानकारी मिलने के बाद चतरा एसपी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था.
सिमरिया के एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने बताया है कि 18 जून की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम टुटीलावा से हेसातु जाने वाले रास्ते हडगड़ी जंगल में अज्ञात अपराधकर्मियों ने 6 लोगों का अपहरण कर लिया है.
पुलिस ने हड़गड़ी जंगल की घेराबंदी की, तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे भयभीत होकर अपराधी बंधकों को वहीं छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर भाग गए.
पुलिस ने मौके से छह लोगों को सकुशल बरामद कर लिया है. इनमें विनोद साव, महेन्द्र साव, संतोष साव, प्रदीप साव, बिन्दु देवी और सोनी देवी शामिल हैं, जो टंडवा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह और केरेडारी थाना क्षेत्र के ग्राम नोवदा के रहने वाले हैं.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों को सकुशल बरामद करने के बाद अपराधियों की घेराबंदी की गई. इस क्रम में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 3 देसी भराठी बंदूक, 1 पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर, 1 गुप्ती, ग्रामीणों से लूटे गए 3 मोबाइल बरामद किए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में रमेश कुमार गंझू और सतीश कुमार गंझू टंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम हेसातु, टोला लेम्बोडीह का रहने वाला है.
