रांचीः झारखंड में हुए शराब घोटाले मामले में जांच कर रही ईडी ने पूर्व वित्त मंत्री सह वर्तमान में लोहरदगा के विधायक रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को समन किया है. रामेश्वर उरांव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं.
जांच एजेंसी मनी लांड्रिंग के बिंदु पर छानबीन कर रही है. जानकार के मुताबिक पिता-पुत्र से सोमवार और मंगलवार को पूछताछ होनी है.
ईडी को पूर्व में बरामद दस्तावेज की जांच में जानकारी मिली है कि रोहित उरांव ने पूर्व में शराब के कारोबर में बड़ा कथित तौर पर निवेश किया है. इसी कथित निवेश और पूर्व में गिरफ्तार शराब माफिया योगेंद्र तिवारी से संबंध आदि के बिंदु पर भी दोनों से पूछताछ की जा सकती है.
ईडी ने वर्ष 2023 में देवघर के विभिन्न थानों में दर्ज चार प्राथमिकियों को आधार पर ईसीआईआर दर्ज की थी. इनमें अवैध शराब की बिक्री, बिना चालान के बालू का अवैध खनन, परिवहन और जमीन धोखाधड़ी जैसे मामले शामिल थे.
इस मामले में 23 अगस्त 2023 को ईडी ने झारखंड के तत्कालीन वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के आवास सहित 36 ठिकानो पर छापेमारी की थी. इस छापेमारी में रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव के ठिकाने से 30 लाख रुपये नगदी की बरामदगी हुई थी.
इसी मामले में जांच एजेंसी ने 19 अक्टूबर 2023 को शराब माफिया योगेंद्र तिवारी को सबसे पहले गिरफ्तार किया था.
