रांचीः राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार के विभिन्न विभागों के पीएल (पर्सनल लेजर) खातों में वर्षों से जमा पड़े 18,902 करोड़ रुपए राजकोष में जमा करने के निर्देश दिए हैं.
वित्त मंत्री ने कहा है कि अगर चार वर्षों से अधिक समय से पीएल खाते में राशि रखे पड़े हैं, और संबंधित विभाग राशि वापस नहीं करते हैं तो वित्त विभाग उसे स्वतः प्रत्यर्पित मानकर कार्रवाई करेगा.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक ओर मंईयां सम्मान योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने का प्रयास कर रही है, जबकि दूसरी ओर हजारों करोड़ रुपये पीएल खातों में निष्क्रिय पड़े रहना कुशल वित्तीय प्रबंधन और वित्तीय अनुशासन के खिलाफ है.
किस विभाग में कितनी राशि
वित्त मंत्री ने बताया कि 31 मई 2026 तक नगर विकास विभाग के पीएल खाते में 2,876 करोड़ , ऊर्जा विभाग के 3,943 करोड़ , उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के 1,957 करोड़ , कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के 1,922 करोड़ तथा भवन निर्माण विभाग के 1,776 करोड़ रुपए जमा पड़े हैं. इसके अलावा डेढ़ दर्जन से अधिक विभागों के खातों में कुल मिलाकर 18,902 करोड़ जमा हैं.
कब से राशि पड़ी है, ब्योरा दें
कई विभागों में यह राशि कब से खातों में रखी गई है, इसका पूरा ब्योरा विभागों के पास उपलब्ध नहीं है. लिहाजा मंत्री ने वित्त सचिव को निर्देश दिया है कि चालू वित्तीय वर्ष समेत पिछले तीन वर्षों तक की राशि को केवल विशेष परिस्थितियों में ही री-वैलिडेशन करें. इसके अलावा चार वर्ष से अधिक समय से पीएल खातों में पड़ी राशि को राजकोष में जमा कराने के लिए सभी विभागीय सचिवों को आवश्यक निर्देश भेजें.
