रांचीः फादर्स डे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने दिवगंत पिता, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष दिशोम गुरु शिभू सोरेन को भावुक संदेश के साथ याद किया है.
सोशल मीडिया के एक्स पर हेमंत सोरेन ने कहा है, “पिता केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस, संकल्प और संस्कार की वह पाठशाला हैं, जहाँ जीवन जीने का सबसे बड़ा ज्ञान मिलता है.”
उन्होंने दिशोम गुरु के बारे में कहा, “स्मृति शेष बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी ने हमें हमेशा सिखाया कि लोगों का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है और अपने राज्य और लोगों के अधिकारों के लिए हर परिस्थिति में डटकर खड़ा रहना ही सच्ची सेवा है. उनके अथक संघर्ष, त्याग, विचारों और आशीर्वाद से ही हमें जनसेवा का मार्ग मिला है. मेरे पिता, मेरे मार्गदर्शक, मेरे शिक्षक स्मृति शेष बाबा दिशोम गुरु जी को शत-शत नमन.”
तपती धूप में बरगद-सी छाया हैं बाबा,
संघर्ष की राह में अटूट हौसला हैं बाबा।
हमारी सोच, हमारे संस्कार, हमारी पहचान हैं बाबा,
एक पिता ही नहीं, पूरे समाज का स्वाभिमान हैं बाबा।
फादर्स डे 2026 रविवार, 21 जून को मनाया जाएगा। यह हर साल जून के तीसरे रविवार को आता है। इसकी शुरुआत 1910 में अमेरिका में सोनोरा स्मार्ट डॉड के प्रयासों से हुई थी. यह दिन पिता, दादा, अभिभावकों और मार्गदर्शकों के प्रेम, त्याग, सहयोग और योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है.
