रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े परीक्षा विवाद और कथित गड़बड़ियों के खिलाफ तथा सीबीआइ जांच की मांग को लेकर युवाओं ने 29 जुलाई को पद यात्रा और छह अगस्त को विधानसभा घेराव ऐलान किया है.
रांची के मोराबादी स्थित बापू वाटिका में तीन दिनों से धरना पर बैठे युवाओं का नेतृत्व कर रहे छात्र और जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो ने मीडिया को यह जानकारी दी है.
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि 29 जुलाई को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक, रांची तक पदयात्रा निकाली जाएगी.
इसके बाद मानसून सत्र के पहले दिन 06 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव कर सरकार से जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआइ जांच कराने तथा विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की जाएगी.
उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा.
प्रेस वार्ता में विशाल कुमार गौरव, शिल्पी कुमारी, राकेश कुमार, सविता कुमारी, सूर्य प्रकाश कुमार, राजकुमार कश्यप, ममता कुमारी आदि छात्र एवं अभिभावक मौजूद रहे.
