रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जांच कर रही सीआईडी की टीम ने रांची और हजारीबाग की दो कोचिंग सेंटर में जांच-पड़ताल की है. इसके साथ ही कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं.
सीआईडी की टीम ने रांची में लालपुर स्थित शिवांगन की पाठशाला और उसके निदेशक, संचालक संजीत कुमार के रातू रोड स्थित आवास में दबिश दी. इसके अलावा हजारीबाग जिले के मेघा कोचिंग सेंटर में भी दस्तावेज की जांच पड़ताल की है.
जांच के क्रम में सीआईडी को कुछ तथ्य मिले थे, जिसके बाद जांच एजेंसी ने दोनों कोचिंग संस्थानों में यह कार्रवाई की है.
सीआईडी ने जेपीएससी में सेटिंग कराने वाले एजेंट्स व कुछ अभ्यर्थियों को पहले गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार एजेंट्स व अभ्यर्थियों ने ही पूछताछ में इन कोचिंग संस्थानों की भूमिका के बारे में जानकारी दी है.
इधर सीआईडी अभय तिवारी, उसकी पत्नी और भाई से पूछताछ कर रही है. एक अन्य आरोपी उत्तर प्रदेश के मो एबाद से भी पूछताछ की गई है. उसने परीक्षा उप नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत अन्य कई लोगों पर परीक्षा की ओएमआर शीट में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है.
