रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने सोमवार को आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. अजीता भट्टाचार्य के पीए रहे ब्रज कुमार राम को गिरफ्तार कर लिया है.
ब्रज कुमार पर जेपीएससी के अभ्यर्थियों से पैसे लेने का आरोप है.
अजिता भट्टाचार्य सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी है. जेपीएससी में गड़बड़ियों को लेकर सीआइडी के छापे और कार्रवाई के बाद आयोग की तीनों सदस्य-अजिता भट्टाचार्य, जमाल अहमद और अनिमा केरकेट्टा ने इस्तीफा दिया था.
सीआइडी इन तीनों से अलग-अलग तारीखों में जांच के सिलसिले में और साक्ष्य जुटाने के लिए पूछताछ भी कर चुकी है.
अभ्यर्थियों से पैसे लेने का आरोप
परीक्षा लेने वाली एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े रहे और झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी की एक दर्जन परीक्षाओं में सफल रहे अभय तिवारी को सीआइडी ने गिरफ्तार किया है.
अभय़ तिवारी ने जांच एजेंसी को पैसे के लेन-देन, सेटिंग और सिंडिकेट के बारे में कई अहम जानकारी दी है. उसने ब्रज कुमार राम के कारनामे की जानकारी भी जांच एजेंसी को दी है.
आरोप यह भी है कि ब्रज कुमार राम जेपीएससी सदस्यों के लिए अभ्यर्थियों से पैसे लेता था और कैंडिडेट भी ढूंढता था. इंटरव्यू बोर्ड में अजिता भट्टाचार्य थीं. राम भट्टाचार्य से मिलकर अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाता था
उनके स्वीकारोक्ति बयान में सदस्यों पर पैसे लेकर इंटरव्यू में अधिक नंबर देने की बात कही गयी है. बताया गया है कि इस मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते, सभी सदस्यों, परीक्षा संचालन करने वाली कंपनी टीडीपीएल के अधिकारियों समेत अन्य लोगों की सांठगांठ थी. सभी मिलकर गलत तरीके से अयोग्य लोगों से पैसे लेकर उन्हें जेपीएससी की परीक्षाओं में सफल कराते थे.
