रांचीः झारखंड के लातेहार जिले के बरियातू थाना के थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर एक आदिवासी महिला की बेरहमी से की गई पिटाई के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के निर्देश दिए हैं.
झारखंड जनाधिकार महासभा ने एक्स पर पीड़िता का वीडियो साझा करते हुए घटना की जानकारी दी है. इसा मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लातेहार पुलिस को तत्काल जांच और कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
सीएम ने कहा है, “लातेहार पुलिस तत्काल संज्ञान लें, जांच करें एवं उचित कार्रवाई करते हुए सूचना दें. यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है.”
क्या है आरोप
पीड़िता पुनिया देवी हेरहंज की रहने वाली हैं. महासभा ने बताया है कि पांच अक्तूबर को दोपहर में पुनिया देवी बकरी चरा रही थी. इसी दौरान बरियातू थाना के प्रभारी ( एसएचओ) कथित तौर पर तीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सिविल ड्रेस में वहां पहुंचे. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिला की बेरहमी से पिटाई की. रास्ते में भी उनके साथ मारपीट की गई. साथ ही अभद्र व्यवहार किया गया.
थाने में टांगकर पीटा
महासभा ने बताया है कि पीड़िता को थाने ले जाकर टांगकर पीटा गया और जातिसूचक गालियां दी गई. जानकारी के मुताबिक, उन्हें अगले दिन रात में रिहा किया गया. घटना को लेकर आदिवासी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में नाराजगी है.
उन्होंने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है.
