रांचीः रांची में चुटिया थाना अंतगर्त निवारणपुर स्थित आरएसएस के प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले करने के दो आरोपी अमन अंसारी और सायम सुजान को एनआईए ने रिमांड पर लिया है.
दोनों से शुक्रवार को जांच एजेंसी ने लगभग दस घंटे तक लंबी पूचताछ की. धुर्वा स्थित एनएआई कार्यालय में एसपी स्तर के अधिकारियों की टीम इस मामले में आरोपियों से अलग- लग पूछताछ की. इसी मामले में गिरफ्तार तीसरे आरोपी सैफ अंसारी को बी जांच एजेंसी जल्दी ही रिमांड पर लेगी.
एनआईए इन आरोपियों के कथित पाकिस्तान और दुबई कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है. साथ ही उनके मोबाइल फोन, बैंक खातों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड को भी खंगालेगी.
ये तीनों आरोपी लोहरदगा के रहने वाले हैं. सैफ अंसारी लोहरदगा के बगरू मोड़, ईमली मोड़ के पास बड़ा तलाब का निवासी है, जबकि अमन अंसारी उर्फ गोलू लोहरदगा के न्यू आजाद बस्ती का और तीसरा साथी सायम सुजान लोहरदगा के पत्थलकुदवा स्थित फुलबगान का निवासी है.
पिछले 16 जून की रात 12.36 बजे आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था. इसके बाद झारखंड पुलिस की एसआईटी ने इन्हें गिरफ्तार किया था. झारखंड एटीएस की टीम भी इस मामले में जांच कर रही है. पिछले 22 जून को एटीएस की टीम भी जांच के लिए आरएसएस के कार्यालय में पहुंची थी. टीम ने आसपास का जायजा लिया और संघ के पदाधिकारियों से भी पूछताछ की.
हमले के पीछे किसी बड़ी साजिश और विदेशी कनेक्शन की संभावना को देखते हुए एनआईए को जांच की जिम्मेदारी दी गई है.
16 जून की आधी रात
गौरतलब है कि चुटिया थाना क्षेत्र में निवारणपुर स्थित आरएसएस के कार्यालय पर देर रात करीब 12.36 बजे दो पेट्रोल बम फेंके गए थे.. बम फेकने वाले नकाबपोश दो लड़के सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए.
सुबह जब स्वयंसेवक एकात्मता स्तोत्र पाठ के लिए हॉल में गए, तो फर्श पर पेट्रोल भरी बोतलें दिखीं. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तब जाकर हमले की पूरी जानकारी सामने आई.
घटना के समय कार्यालय में प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, प्रांत सह-व्यवस्था प्रमुख आनंद तुलस्यान, अजय कुमार, प्रांत कार्यालय प्रमुख नरसिंह सिंह, महानगर प्रचारक विशाल कुमार समेत कई स्वयंसेवक और कर्मचारी मौजूद थे. रांची पुलिस ने जांच के लिए एक एसआईटी गठित की है.
