रांचीः रांची के धुर्वा इलाके से लापता दो बच्चों में अर्जुन को पुरी से पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. अर्जुन के भाई करण और एक अन्य बच्चे शिवा की तलाश जारी है.
धुर्वा थाना क्षेत्र से दोनों बाई 14 जून को लापता हो गए थे. पुलिस दोनों की लगातार खोज कर रही थी. दो दिनों पहले पुलिस को हटिया रेलवे स्टेशन का एक सीसीटीवी फुटेज मिला था. इसके बाद पुलिस की तहकीकात में पता चला कि तीनों तपस्विनी ट्रेन से पुरी निकले हैं.
प्रारंभिक पूछताछ मे यह सामने आया है कि तीनो बच्चे स्वेच्छा से समुद्र देखने एवं घूमने निकले थे। अपहरण संबंधी कोई भी तथ्य प्रकाश मे नहीं आया है. रांची पुलिस ने बताया है कि करण और शिवा की खोज का प्रयास एवं अनुसंधान लगातार जारी है.
पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि पुरी पहुंचने के बाद वेलोग समुद्र तट और मंदिर क्षेत्र में घूमते रहे. जब पैसे खत्म हो गए तो मांगकर भोजन करते थे, जहां-तहां रात गुजारते थे.
उसने यह भी बताया कि पुरी रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने उन्हें रोका था. उस समय उन्होंने अपनी वास्तविक पहचान छिपा ली थी और खुद को अनाथ तथा पुरी का स्थानीय निवासी बताया था.
पूछताछ के दौरान अर्जुन ने यह भी कहा कि उसका घर लौटने का मन नहीं था.
