रांचीः जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड का आरोपी शूटर सत्यम पाठक पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान को भी चोट पहुंची है. मुठभेड़ के बाद रांची के एसएसपी राकेश रंजन घटना स्थल पर पहुंचे हैं. मुठभेड़ की जानकारी लेने के साथ उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
मंगलवार की सुबह शहर के पंडरा क्षेत्र में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की हुई हत्या के मामले में सत्यम पाठक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि पूछताछ में सत्यम ने जानकारी दी थी उसने कांके डैम के पास दो हथियार छुपा रखे हैं. बुधवार सुबह पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामदगी के लिए कांके डैम पहुंची. इसी दौरान सत्यम पाठक ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की.
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी. उसके हाथ में भी चोट आई है. घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है.
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कहा है कि अपराधी हथियार छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था.
