रांचीः मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को झारखंड कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया.
रांची में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्चाचन पदाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए पुतला जलाया. प्रदर्शन में सरकार के मंत्री और कांग्रेस के नेता राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई विधायक भी शामिल थे.
इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आपत्ति जताई. कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भाजपा का कथित एजेंट बताते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है.
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार से मिलकर राष्ट्रपति के नाम लिखा ज्ञापन सौंपा.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा होना चाहिए, क्योंकि उन्होंने लोकतंत्र की हत्या की है.
कमलेश ने कहा, “कांग्रेस कार्यकर्ताओं लोकतंत्र और नागरिकों के वोटिंग अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य के सभी ज़िला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया है. ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार सबूतों के साथ “वोट चोरी” का मुद्दा उठाते रहे हैं, जो अब सबके सामने आ गया है. इसके साथ ही झारखंड कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि दलितों और अल्पसंख्यकों समेत पार्टी के पारंपरिक वोटरों को निशाना बनाया जा रहा है.
देश भर में आक्रोश फैला है
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि सीईसी ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम किया और वोटर लिस्ट से वोटरों के नाम हटाने के लिए नए तरीके अपनाए.
दव ने आरोप लगाया, “नए वोटरों के लिए ‘फॉर्म-6’ की प्रक्रिया को जानबूझकर जटिल बना दिया गया है ताकि वे रजिस्टर न कर सकें। वोटर लिस्ट से 13 करोड़ वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे देशभर में आक्रोश फैल गया है.”
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी-विरोधी वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की हर संभव कोशिशें की जा रही हैं.
वोट की ताकत बचानी है
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मतदाता के अधिकार से जुड़ा कोई भी विषय पारदर्शिता और जवाबदेही से बाहर नहीं हो सकता। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इन सवालों को जनता के बीच ले जाएगी और जब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक आवाज उठाती रहेगी.
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि निर्वाचन आयोग को यह सुनिश्चित करना होगा कि एक भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे तथा मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को मजबूती से उठाएंगे. जनता के वोट की ताकत ही लोकतंत्र की असली ताकत है और उसके अधिकार से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा.
