गिरिडीहः झारखंड में गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दलान चलकरी गांव के तिरिलटांड़ टोला में एक आदिवासी दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियारों के साथ खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि जादू-टोना के संदेह तथा भूमि विवाद को लेकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था.
गिरिडीह के एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया है कि दो-तीन जून की दरमियानी रात दलानचकरी गांव निवासी पतिया हांसदा एवं उनकी पत्नी परनी देवी पर धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई. इस मामले को लेकर मधुबन थाना में कांड संख्या 06/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान किया.
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक के गोतिया पक्ष के कुछ लोगों ने जादू-टोना करने के संदेह और लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद के कारण हत्या की साजिश रची थी.
इस मामले में मृतक के गोतिया रमेश हांसदा, पांडु हांसदा एवं विजय हांसदा ने धारदार हथियार से दंपति की हत्या की थी. वहीं दोधमा हांसदा, बबलु हांसदा, मोती हांसदा तथा सिकरा हांसदा ने घटना को अंजाम देने में सहयोग किया था. ये सभी दलानचलकरी के जाहेर टोला निवासी हैं.
पुलिस ने इन आरोपियों को जेल भेज दिया है. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 1 लोहे की तलवार, 2 लोहे का छुरा, 1 गुलाबी रंग का सूती गमछा तथा खून के धब्बे लगे जींस, टी-शर्ट और गमछा बरामद किया गया है.
