रांचीः झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस सहयोगी दलों में आंकड़े जुटाने को लेकर हर संभव कोशिशों में जुटी है.
इसी सिलसिले में सोमवार को झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू जी, सांसद डॉ सैयद नसीर हुसैन, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव एवं पर्यवेक्षक अजय शर्मा कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री के वास पर पहुंचे.
स मुलाकात के दौरान राज्यसभा चुनाव सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई. कांग्रेस के नेताओं ने हेमंत सोरेन से अनुरोध किया है कि सहयोगी दलों के वोट इंटैक्ट रखने और दोनों सीटों पर जीत के लिए वे रणनीतिक कमान संभालें.
इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि सहय़ोगी दलों के नेताओं और विधायकों से लगातार मुलाकात और चर्चा की जा रही है. सभी चुनाव को लेकर उत्साहित हैं. और हमें भरोसा है कि दोनों सीटों पर गठबंधन उम्मीदवारों की जीत होगी
जेएमएम की जीत कंफर्म, कांग्रेस की मुश्किल कायम
गौरतलब है कि 18 जून को दो सीटों पर चुनाव है. जेएमएम ने बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है. जेएमएम के पास 34 विधायक हैं. नकी जीत कंफर्म है. और इसे लेकर हेमंत सोरेन भी इत्मिनान है.
इधर कांग्रेस ने प्रणव झा को उफम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस के पास 16 विधायक हैं और सरकार में सभी दलो-जेमएम. कांग्रेस, राजद, माले के पास 56 विधायक हैं. कांग्रेस इसी आस में है कि सहयोगी दलों के 12 वोट उसे मिल जाए, तो प्रणव झा की जीत भी सुनिश्चित हो सकेगी.
कांग्रेस के नेताओं को यह पता है कि 56 के इस आंकड़े को इंटैक्ट रखने में हेमंत सोरेन की भूमिका अहम हो सकती है, और जो परिदृश्य हैं उनमें यह लगता है कि हेमंत सोरेन ने कांग्रेस के रणनीतिकारों पर ही छोड़ा है कि वे सहयोगी दलों को इंटैक्ट रखने में कामयाब हों.
दूसरी तरफ एनडीए समर्थित परिमल नथवाणी चुनाव लड़ रहे हैं. एनडीए में 24 विधायक हैं
नथवाणी पहले बी दो बार झारखंड से राज्यसभा के सदस्य रहे हैं और सत्ता और विपक्ष दोनों खेमे में उनकी पकड़ रही है. राजनीतिक गलियारे में राज्यसभा चुनाव जीतने का उन्हें पक्का खिलाड़ी माना जाता है.
अगर वे चुनाव जीतते हैं, तो जाहिर तौर पर सत्तारूढ़ दलों के विधायकों के वोट तोड़ेंगे. कांग्रेस को इसका डर है और वो सहयोगी दलों के वोट को बचाये रखने की जद्दोजहद कर रही है.
हालांकि कई मौके पर कांग्रेस के नेता यह कहते रहे हैं कि दोनों सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत होगी और बीजेपी की कोई भी चाल सफल नहीं होगी. गठबंधन के नेता इस चुनाव में कथित हॉर्सट्रेडिंग का आरोप भी नथवाणी और एनडीए पर लगाते रहे हैं.
इन सबके बीच झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की ने रविवार को दावा किया कि बीजेपी के तीन विधायक हमारे संपर्क में हैं. उनके नाम का खुलासा करने से तिर्की ने मना किया.
