रांचीः झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव की दो सीटों पर चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ दलों और विपक्ष में विधायकों को इंटैक्ट रखने के बाद रणनीतिक बिसात बिछाने का दौर तेज है. इन सबके बीच राजद के महासचिव और लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी भोला यादव रांची पहुंचे हैं.
उनके रांची पहुंचने पर कांग्रेस कोटा से सरकार में मंत्री दीपिका सिंह पांडेय और राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रणव झा राजद कार्यालय में विधायकों से मिलने पहुंचे.
करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में कांग्रेस के नेताओं ने राजद से चुनाव में सहयोग की अपेक्षा जतायी. सरकार में सहयोगी राजद में चार विधायक हैं और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के लिए ये चार वोट भी अहम है.
इस बैठक में राजद कोटे से सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक सुरेश पासवान और संजय कुमार सिंह यादव भी मौजूद रहे. मुलाकात के बाद दीपिका सिंह पांडेय ने कहा है कि सत्तारूढ़ दलों के सभी 56 विधायक एकजुट हैं. और दोनों सीटों पर जेएमएम, कांग्रेस उम्मीदवार की जीत होगी.
गौरतलब है कि सोमवार को प्रणव झा ने पटना में राजद नेता तेजस्वी यादव से भी मुलाकात की थी. प्रणव झा के साथ पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी पटना गए थे.
