रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में छात्रों के विरोध प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन दिया है.
शनिवार को रांची से की अभ्यर्थियों ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका से बातें की और आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जानकारी देने के साथ अपनी मांगों से वाकिफ कराया.
अभिजीत दीपके ने रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, ‘झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर विरोध कर रहे छात्रों से बात की. सीजेपी झारखंड के सभी छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों का समर्थन करती है.’
इससे पहले रांची की प्रदर्शनकारी एक अभ्यर्थी अभिजीत दीपके से कहती सुनाई पड़ रही हैं, “हमलोग आपका समर्थन चाहते हैं क्योंकि जिस तरह से आपने दिल्ली के जंतर-मंतर में जो चीजें की, सरकार सोच रही थी कि हम कुछ नहीं कर पाएंगे ,लेकिन सरकार को झुकना पड़ा. मैं यही कहना चाहती हूं कि आप हमारे समर्थन में रहें. हमारी जो भी मांगें हैं उनके लिए.”
गौरतलब है कि रांची में दस दिनों से छात्र, युवा जेपीएससी, जेएसएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की सीबीआइ जांच कराने, 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा की पीटी रद्द करने और आयोग में आमूलचूल सुधार को लेकर आवाज मुखर कर रहे हैं.
जयपाल सिंह स्टेडियम से कई दफा छात्रों ने विरोध मार्च और कैंडल मार्च भी निकाला है. इन प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों से छात्र, युवा रा्ंची पहुंच रहे हैं.
