रांचीः जेपीएससी और जेएसएसी की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में जारी छात्रों के धरना, प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि ऐसे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं. छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने की कोशिश की है.
छात्रों के विधानसभा घेराव के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण हालत के बीच एक्स पर हेमंत सोरेन ने कहा है, लोकतंत्र में अपनी बात रखने का आपका अधिकार है. और आपकी आवाज़ का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है. सरकार ने आपकी बात सुनी है. हमारे सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण आपसे लगातार संवाद करते रहे हैं और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होगी. पिछले कुछ दिनों में आपने देखा है कि दोषी चाहे कोई भी हो, सरकार ने किसी को भी बख्शा नहीं है.
सीएम ने कहा, हमारा स्पष्ट उद्देश्य है कि व्यवस्था में ऐसी कमियां दूर हों, जिससे भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी न उठानी पड़े. हम परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहते हैं. इस बदलाव में आपकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है. हमारा प्रयास है कि झारखंड केवल समस्याओं की चर्चा न करे, बल्कि यहाँ से समाधान की एक नई मिसाल कायम करे.
पुलिस को सराहा
सीएम ने विधानसभा घेराव आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों काे धन्यवाद किया है. साथ ही युवाओं के शांतिपूर्ण आंदोलन को भी लोकतांत्रिक अधिकार बताया.
