रांचीः विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी की पूर्व सदस्य अनिमा हांसदा के एक इंटरव्यू को लेकर हेमंत सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार को घेरा है.
मरांडी ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इंगित करते हुए कहा “झारखंड लोक सेवा आयोग की पूर्व सदस्य अनिमा हांसदा ने मीडिया को दिए साक्षात्कार में खुलासा किया था कि जेपीएससी में व्याप्त कदाचार और अनियमितताओं की जानकारी आपके राजदार और कथित ‘सुपर सीएम’ के रूप में चर्चित मंत्री सुदिव्य कुमार उर्फ सोनू को बहुत पहले ही दे दी गई थी. इसके बावजूद मंत्री जी लंबे समय तक खामोश रहे. स्वाभाविक सवाल है कि आखिर क्यों. कहीं ऐसा तो नहीं कि वे भी इस कदाचार और भ्रष्टाचार के हिस्सेदार रहे हों. इसलिए उन्होंने भी ‘कंबल ओढ़कर घी पीना’ ही मुनासिब समझा. अगर उन्हें अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जानकारी थी, तो उन्होंने सीएम और राज्यपाल को इसकी सूचना क्यों नहीं दी.”
मरांडी ने सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि सीएम के राजदार और सुदिव्य कुमार उर्फ सोनू से अब तक सीआइडी ने पूछताछ तक क्यों नहीं की. उनकी गिरफ्तारी तो दूर, उनसे गंभीरता से पूछताछ न होना भी जांच की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
मरांडी ने कहा, “मुख्यमंत्री जी, छात्रों के दिल की गहराइयों से निकली आह की तपिश का एहसास आपको आज नहीं तो कल जरूर होगा.”
