रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (जेएसएसी-सीजीएल 2023) से जुड़े मामले में अपराध अनुसंधान विभाग ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है.
जांच एजेंसी ने जारी बयान में बताया है कि पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
सीआईडी के अनुसार, जेएसएसी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा के संबंध में दर्ज कांड संख्या 01/2025 में यह कार्रवाई की गई है.
खबरों के मुताबिक आरोप है कि कुंदन ने परीक्षा एजेंसी से मिलकर खुद और कम से कम 20 अभ्यर्थियों को जेएसएसी की परीक्षाओं में सफल कराया है. सीआईडी को उसकी तलाश थी. ये सफल अभ्यर्थी सरकार के अलग-अलग विभागों में पोस्टेड हैं. कुंदन खुद भी गुमला में सरकारी नौकरी कर रहा है.
जांच एजेंसी को पता चला है कि कुंदन ने जेएसएससी की परीक्षा कराने वाली एजेंसी आईसीएन के मिथिलेश सिंह से मिलकर परीक्षाओं में सेटिंग-गेटिंग का खेल किया. मिथिलेश सिंह की भी जांच एजेंसी को तलाश है.
अब जांच एजेंसी उन 20 सफल अभ्यर्थियों की कुंडली खंगाल रही है. कुंदन के भाई और एक अन्य सहयोगी भी जांच के घेरे में है.
गौरतलब है कि जांच एजेंसी ने परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं से जुड़े मामले में पहले भी कई अभ्यर्थी और सिंडेकेट से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है.
इसके अलावा सीआईडी की एसआईटी झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी की भी जांच कर रही है. जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते समेत कम से कम 25 लोगों को जेपीएससी नियुक्ति घोटाले में गिरफ्तार किया गया है.
