आदित्यपुरः शनिवार का दिन आजसू पार्टी के लिए ठीक नहीं रहा. कोल्हान से हरेलाल महतो के बाद एक और केंद्रीय महासचिव रवि शंकर मौर्या ने भी आजसू पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है.
इन्होंने भी अपने इस्तीफ़ा का कारण निजी बताया है. लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि कोल्हान में इस्तीफे का यह दौर जोर पकड़ सकता है.
श्री मौर्या पार्टी में युवाओं, बुद्धिजीवियों के साथ पिछड़ा चेहरा थे। आजसू पार्टी के पिछड़ा वर्ग महासभा के वे संयोजक भी हैं। झारखंड के बाहरपिछड़ों की राजनीति में और कई आंदोलन में इन्होंने अपनी भूमिका निभायी है.
मौर्या एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद के साथ साथ एक कुशल संगठनकर्ता भी हैं. पार्टी के महाधिवेशन में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभायी थी.
इस बीच हरेलाल महतो के इस्तीफे के साथ ही ईचागढ़, कुकड़ू, नीमडीह और चांडिल प्रखंड के आजसू अध्यक्षों ने भी सामूहिक रूप से अपने पदों और पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है. एक साथ हुए इन इस्तीफों के बाद क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है.
