रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार की रात निधन हो गया है. मोरहाबादी स्थित स्व शिबू सोरेन के आवास पर रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है. हेमंत सोरेन परिवार के संग वहां मौजूद हैं. रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में होगा. नेमरा, हेमंत सोरेन का पैतृक घर है.
रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर झामुमो का झंडा भी रखा गया है. हेमंत सोरेन बेहद भावुक दिख रहे हैं. लोग उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं.
हेमंत सोरेन ने एक्स पर अपनी भावना प्रकट करते हुए कहा है, “बाबा के जाने के बाद माँ ही मेरी सबसे बड़ी छाँव थीं. आज वह छाँव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं. माँ…. पिता के साये के बाद अब माँ का आँचल भी छूट गया..जिस आँचल ने जीवन के हर मोड़ पर संभाला, आज वही आँचल हमेशा के लिए दूर हो गया”…
इधर नेताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, परिवार के सदस्यों और जेएमएम के समर्थकों का मोराबादी में पहुंचना जारी है.
जेएमएम नेता कुणाल षाड़ंगी और दुमका सांसद नलिन सोरेन, राज्यसभा की सांसद महुआ माजी समेत कई नेता मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचे और रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी.
झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना भी जारी है.
रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन समेत कई अधिकारी भी मोरहाबादी स्थित स्व शिबू सोरेन के आवास पहुंचे. अधिकारियों ने रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी.
मोरहाबादी स्थित आवास के बाहर रूपी सोरेन की तस्वीर के साथ ‘विनम्र श्रद्धांजलि’ और ‘अंतिम जोहार’ लिखे पोस्टर लगाए गये हैं. अंतिम दर्शन के लिए लगातार लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है.
