रांचीः झारखंड राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तीसरी बार अवधि बढ़ाई गई है. भारत निर्वाचन आयोग ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है.
इसके तहत दावा-आपत्ति का निष्पादन अब 23 नवंबर तक होगा. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने आयोग के इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि अभी सुनवाई की प्रक्रिया जारी है. कुछ विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या अधिक होने के साथ नोटिसों की संख्या भी ज्यादा है, इसलिए यह निर्णय लिया गया है.
22 अक्टूबर तक नोटिसों की सुनवाई
के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि 22 अक्टूबर तक पहले और दूसरे नोटिस की प्रक्रिया के तहत हुई सुनवाई पूरी कर ली जाएगी. वहीं 31 अक्टूबर तक जो मतदाता दस्तावेज जमा नहीं कर पाए हैं या नोटिस के दौरान उपस्थित नहीं हुए, उनके पास जाकर संपर्क किया जाएगा. इस तरह 31 अक्टूबर तक नॉन-नोटिस मामलों का भी निपटारा हो जाएगा.
10 अक्टूबर को मेगा कैंप
एसआइआर के तहत यह सुनिश्चित किया जाना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. इस उद्देश्य से 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मेगा हेल्प डेस्क तथा 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान आयोजित किया जाएगा.
1 नवंबर से 12 नवंबर तक होम टू रोल वेरिफिकेशन होगा. साथ ही जो मतदाता किसी कारण से फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं, वे फॉर्म-6 जमा कर सकेंगे, ताकि उन्हें फाइनल रोल में शामिल किया जा सके.
मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 1 नवंबर से 31 नवंबर तक सुपर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा.
इसके तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रोल ऑब्जर्वर और सीईओ कार्यालय संयुक्त रूप से एसआईआर के दौरान पारित आदेशों के रिकॉर्ड की जांच करेंगे.
