रांचीः झारखंड बीजेपी में अलग-अलग दलों के नेताओं और नये चेहरे के शामिल होने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा. अलग-अलग दलों को छोड़ कर कई नेताओं के साथ नये चेहरे रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी में शामिल हुए. इनमें बरकट्ठा से कुमकुम देवी, बरकट्ठा से कुमकुम देवी और ईचागढ़ से खगेन महतो, भवानी शामिल हैं.
मिलन समारोह कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में इन नए सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. बाबूलाल मरांडी ने इस सभी नेताओं का स्वागत किया. भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में सरायकेला, हजारीबाग, बोकारो एवं जमशेदपुर जिला के विभिन्न दलों के कई नेता, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी भी शामिल हैं.
बाबूलाल बोले, संगठन को मिलेगी मजबूती
इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले कई नेता जनसंघ और भाजपा से जुड़े परिवारों की पृष्ठभूमि से आते हैं. इसलिए ये कोई नए सदस्य नहीं, बल्कि अपने परिवार में वापस आए सदस्य हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि इनके जुड़ने से संगठन मजबूत होगा और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
बाबूलाल मरांडी ने सभी नेताओं से कहा है कि संगठन की मजबूती के लिए और जनता के सवालों पर वे काम करें.
गौरतलब है कि कुमकुम, जनसंघ के जमाने से राजनीति करने वाले खगेंद्र प्रसाद के परिवार से आती हैं. जबकि परिंदा सिंह झारखंड के दिग्गज नेता रहे पूर्व मंत्री समरेश सिंह की बहू है.
सरायकेला-खरासांवा की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय कई दलों में रहे खगेन महतो ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है.
ईचागढ़ में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय युवा चेहरा भवानी कुमारी भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई हैं.

झारखंड़ के दिग्गज नेता रहे समरेश सिंह की बहू परिंदा सिंह ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को धरातल में उतारने के लिए पूरे लगन से काम करूंगी. साथ ही सेवा के संकल्प को लेकर संगठन के लिए काम करूंगी.
उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक आवश्यक सेवाएं और सुविधाएं पहुंचाना तथा संगठन को मजबूत करना पार्टी के महत्वपूर्ण उद्देश्यों में शामिल है.
वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में सभी मिलकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे.
भाजपा में शामिल होने पर नेताओं ने कहा
भाजपा योगदान करने वाले नेता खगेन महतो ने कहा कि वे भाजपा और जनसंघ के नेता हिकीम चंद्र महतो के परिवार से आते हैं. लिहाजा उनके रगों में ही भाजपा है. भाजपा के झंडे के नीचे आकर गर्व की अनुभूति हो रही है. उन्होंने कहा भाजपा की नीति सिद्धांत के साथ संगठन के लिए काम करूंगा.

बरकट्ठा की नेत्री कुमकुम देवी ने कहा, “भाजपा का कार्यालय हमारे लिए मंदिर के समान है. भाजपा मेरा परिवार है. पार्टी जो भी जिम्मेवारी देगी, ईमानदारी पूर्वक निभाऊंगी. यह मेरी घर वापसी है. पार्टी की नीति सिद्धांत से वाकिफ रही हूं. भाजपा को शीर्ष पर पहुंचाने के लिए एक साधारण कार्यकर्ता के तौर पर कोई कसर नहीं छोड़ूंगी.”
कुमकुम देवी ने अपने पारिवारिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके छोटे ससुर खगेंद्र प्रसाद भाजपा के संस्थापक सदस्यों में रहे हैं, जबकि उनके पिता भी कम उम्र से ही पार्टी में सक्रिय रहे हैं.
उन्होंने कहा कि कुछ गलतियों के कारण वह कुछ समय के लिए पार्टी से दूर हो गई थीं, लेकिन अब पुराने परिवार में वापस लौटी हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में संगठन के प्रति पूरी निष्ठा से काम करेंगी.

इचागढ़ की भवानी कुमारी ने कहा, “भाजपा का झंडा थामकर ऊर्जा मिली है. लक्ष्य एक ही है- पार्टी की नीति सिद्धांत के तहत संगठन के लिए काम करना. भाजपा के लिए सेवा संकल्प है. मेरा भी दृढ़ संकल्प जनता के बीच रहना, जनता के सवालों को उठाना और जितना बन सके सेवा करना होगा. पार्टी का झंडाबरदार बनकर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की मजबूती के लिए हम सभी मिलकर काम करेंगे.”
भवानी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में काम करने और संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की बात कही.
बिमल बैठा ने कहा कि संगठन के निर्देश पर काम करना है. जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे निभाने का प्रयास करेंगे.
विमल बैठा ने अपने संबोधन में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया. उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती ने किया.
मौके पर सरायकेला खरसावां के जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, पप्पू वर्मा, प्रतुल शाहदेव, सूरज चौरसिया, सूरज शाहदेव, बिजय कोइरी आदि उपस्थित रहे.
