रांचीः छात्रों के द्वारा आयोजित सरकार का पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान तैनात दंडाधिकारी के द्वारा छात्रों पर की गई एकतरफा कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भाजपा के अन्य नेताओं के साथ मंगलवार को रांची सदर के अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के कार्यालय पहुंचे.
मरांडी ने कहा कि किसी भी पदाधिकारी को सरकार की कठपुतली बनने की बजाय कानून और विधि सम्मत काम करना चाहिए, लेकिन पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान नियुक्त दंडाधिकारी ने एकतरफा कार्रवाई की है.
सीओ से मिलने के बाद मीडिया से उन्होंने कहा, “छात्रों के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान जेएमएम के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ने आतंक मचाया और मुकदमा छात्रों पर किया जा रहा है. इसलिए आज हम सभी दंडाधिकारी सह सीओ से आग्रह करने आए हैं कि वे निष्पक्ष कार्रवाई करें. अगर दंडाधिकारी द्वारा उन गुंडों पर एफआईआर दर्ज नहीं किया जाता है तो जल्द ही इनके कार्यालय के समक्ष हम सभी धरना पर बैठेंगे.”
मरांडी ने कहा दंडाधिकारी को निष्पक्ष होकर सामान्य रूप से पहले जिन लोगों ने गुंडागर्दी की है, उन लोगों पर एफआईआर दर्ज करनी चाहिए थी लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. ऐसा प्रतीत होता है कि दंडाधिकारी पूरी तरह सरकार के दबाव में हैं.
इस दौरान दीपक प्रकाश, सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
