रांचीः अपने वादे के अनुसार ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रतिनिधियों ने रांची पहुंचकर छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया है.
जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे सीजेपी के सदस्यों ने कहा कि झारखंड के बच्चों के साथ सीजेपी पूरी तरह खड़ी है. उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई राजनीतिक समूह नहीं है और जहां भी छात्रों के साथ अन्याय होता है, उनका हक और अधिकार छीना जाता है, वहां सीजेपी उनके साथ खड़ी होगी.
सीजेपी के प्रतिनिधमंडल ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने और सीबीआइ जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान अलग-अलग पदों के लिए रकम से संबंधित रेट लिस्ट भी देखने को मिली है. सीजेपी झारखंड में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग करती है.
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि पहले भर्ती निकाली जाए और निष्पक्ष तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो. सीजेपी ने भी इन्हीं मुद्दों को अपना समर्थन देने की बात कही.
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने जंतर-मंतर के आंदोलनों से जो अनुभव हासिल किया है, उसे झारखंड के आंदोलनरत छात्रों के साथ साझा करेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि वे मंच के नीचे से छात्रों का समर्थन करते रहेंगे और उनके आंदोलन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे.
गौरतलब है कि झारखंड लोक सेवा आयोग तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में दो हफ्ते से छात्र आंदोलन कर रहे हैं. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के अलावा अन्य कई छात्र भूख हड़ताल कर रहे. अब तक दो अनशनकारियों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस बीच शुक्रवार और शनिवार को सरकार की छात्रों की अलग-अलग समूहों से वार्ता भी हुई है, पर कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है. सरकार ने कहा है कि छात्रों की मांगों पर वह संवेदनशील है.
तीन अगस्त को छात्रों ने की थी बात
गौरतलब है कि बीते तीन अगस्त को रांची से कई अभ्यर्थियों ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका से बातें करते हुए आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जानकारी देने के साथ अपनी मांगों से वाकिफ कराया था.
तब अभिजीत दीपके ने रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, ‘झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर विरोध कर रहे छात्रों से बात की. सीजेपी झारखंड के सभी छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों का समर्थन करती है.’
