धनबादः धनबाद- केंदुआडीह मुख्य मार्ग पर बुधवार को डेढ़ फीट सड़क के धंस जाने की वजह से एहतियातन धनबाद- बोकारो मार्ग पर आवागमन को डायवर्ट किया गया है.
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया है.
जानकारी के मुताबिक एनएच-32 पर धनबाद से कतरास, बोकारो और रांची जाने वाली गाड़ियां अब गंसाडीह मोड़ और झरिया रोड के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर रही हैं.
धनबाद से बोकारो और रांची जाने वाली सड़क पर हुए धंसान के दूसरे दिन गुरुवार को पुराना महाप्रबंधक आवास की चारदीवारी टूट गई. इस जगह से गैस का रिसाव होते देखा जा रहा है.
इस घटना से आसपास रहने वाले लोगों में भी भय देखा जा रहा है.
डीजीएमएस के लोग पहुंचे
तेजी से गैस रिसाव होने की सूचना पर पीबी एरिया के महाप्रबंधक जीसी साहा अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे है.
यहां वे हर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। वहीं भूधंसान और गैस रिसाव रोकने के लिए यहां मिट्टी और बालू भराई की तैयारी की जा रही है.
इसके अलावा खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) ओर जेआरडीए की भी टीम पहुंची हुई है।
नगर निगम में बैठक
इधर केंदुआ की स्थिति को लेकर धनबाद नगर निगम की बैठक चल रही है.
इस बैठक में जिला प्रशासन के अलावा जेआरडीए, डीआरडीबी, निगम समेत तमाम संबंधित अधिकारी शामिल हैं. बैठक में मुख्य रूप से लोगों की सुरक्षा और भूधंसान व गैस रिसाव को रोकने पर चर्चा चल रही है.
गौरतलब है कि बुधवार को केदुआडीह कोलियरी के गैस प्रभावित क्षेत्र ओल्ड जीएम बंगला के निकट पथ निर्माण की सड़क करीब साठ मीटर तक डेढ़ फीट नीचे धंस गयी है.
इस घटना से गैस प्रभावित क्षेत्र में भू-धंसान का खतरा बढ़ गया है. जीएम बंगला के पास चार घरों में दरारें पड़ने की खबर है.
स्थानीय लोगों ने बताया है कि बुधवार की सुबह जब गाड़ियां सड़क से गुजर रही थीं, तो वे अचानक जंप करने लगीं। गौर से देखने पर पता चला कि सड़क नीचे धंस चुकी है.
जिस जगह धंसान हुआ, वहां बीसीसीएल नाइट्रोजन फिलिंग का काम कर रहा था. घटना के बाद नया धौड़ा के कई घरों में भी दरारें आ गई हैं. फिलहाल नाइट्रोजन फीलिंग का काम रोक दिया गया है.
जिला प्रशासन ने जेआरडीए से भी कहा है कि वे मुआयना कर संभावित खतरे और लोगों की शिफ्टिंग के बारे में रिपोर्ट तैयार करें.
इस बीच बीसीसीएल की टीम भी केंदुआडीह पहुंची है.
बीसीसीएल ने आम लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्र से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
