जमशेदपुरः लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में बुधवार की रात राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हुई हत्या के मामले में आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस की जवाबी फायरिंग में शब्बे कै पेर में गोली लगी है.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया है कि राहुल बच्चा की हत्या के बाद शब्बे ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि उसने वारदात में प्रयुक्त दो पिस्तौल स्मृति पार्क में छिपा रखी है.
गुरुवार सुबह पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर ले गई थी.
बरामदगी के दौरान शब्बै ने एक पिस्तौल उठाकर पुलिस पर फायरिंग का प्रयास किया.
जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा के तहत पुलिस की गोली उसके पैर में लगी है.
घटना के बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का अनुसंधान जारी है.
पुलिस ने मौके से दोनों पिस्तौल जब्त कर ली है. मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जानलेवा हमला और लड़की का मामला
बुधवार शाम मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला स्थित मजार के पास राहुल बच्चा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. आरोप है कि शब्बे और उसके साथियों ने पहले पत्थर और चापड़ से हमला किया, फिर सिर के करीब से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी.
वारदात के बाद देर रात शब्बे ने अपने कुछ साथियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था. प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि एक ही लड़की से दोनों के कथित प्रेम को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था, जो अंततः खूनी संघर्ष में बदल गया.
राहुल कुमार सिंह उर्फ राहुल बच्चा करीब एक साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था. उस पर आपराधिक मुकदमा दायर था. वहीं, शब्बे भी आर्म्स एक्ट और हत्या के मामले में पूर्व में जेल गया था. अभी जमानत पर बाहर है.
