जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में सोनारी स्थित बिंदल मॉल में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लाये गये चार आरोपियों को जेल भेज दिया है.
गिरफ्तार आरोपियों में परसुडीह निवासी टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और सिदगोड़ा निवासी दीपू ओझा शामिल हैं.
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि डोमिनिक की हत्या के लिए शूटरों को एक लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. सुपारी की रकम में से 25 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे. हत्या की नीयत से सभी बिंदल मॉल में फायरिंग की गई थी.
उन्होंने बताया कि फायरिंग की घटना के बाद जांच के लिए एक एसआईटीका गठन किया गया था. टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों के भागने के रास्तों की गहन पड़ताल की.
जांच के दौरान आरोपियों के बंगाल और छत्तीसगढ़ की ओर भागने के इनपुट मिले, जिसके बाद तकनीकी सर्विलांस के आधार पर रायपुर टोल प्लाजा पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई.
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने शूटरों को सुपारी देने के साथ ही घटना को अंजाम देने के लिए अन्य जरूरी सामान की भी व्यवस्था की थी. घटना के बाद सभी आरोपी जमशेदपुर छोड़कर फरार हो गए थे.
