जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह समेत चार युवाओं की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी है.
हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़ी ट्रक में जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गये. चारों शवों को एमजीएम भेजा गया है. जमशेदपुर की मेयर और कांग्रेस की नेता सुधा गुप्ता के अलावा पुलिस की टीम भी घटना स्थल पर पहुंची है.
हादसे में मंत्री की पुत्री के अलावा नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल और वंशिका खंडेलवाल की मौके पर ही मौत हो गई है.
सभी चारों कार्मेल जूनियर कॉलेज, सोनारी के 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं थे.
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा है, “मरीन ड्राइव पर हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई है. इनमें मंत्री दीपिका सिंह की बेटी भी शामिल हैं. सभी शवों को एमजीएम भेजा गया है. जांच जारी है.”

कब और कैसे हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक खराब हो गया था और चार लेन वाली सड़क पर डिवाइडर के पास दाईं ओर खड़ा था. खराब हुए ट्रक की जानकारी देने के लिए उसके पीछे पेड़ की एक छोटी सी टहनी रखी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि मौके पर कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी वाला साइन नहीं दिख रहा था. इस बीच कार ने पीछे से टक्कर मार दी.
स्थानीय लोगों के मुताबिक की सुबह कार ( जेएच05 डीएस 6450) तेज गति में मरीन ड्राइव से गुजर रही थी. दोमुहानी के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक (जेएच02टी 3971) को कार चालक देख नहीं सका और नियंत्रण खो बैठा. कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकरायी.
टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाकों में सुनी गई. और सोए हुए लोगों की नींद खुल गयी.
टक्कर के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव के लिए दौड़े, लेकिन कार के अंदर सवार चारों युवकों की स्थिति अत्यंत नाजुक थी.
सीएम समेत कई नेताओं ने दुख जताया
इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत कई नेताओं ने इस घटना पर दुख जताया है.
हेमंत सोरेन ने कहा है, “जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है. अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं”
