जमशेदपुरः गोलमुरी स्थित केनरा बैंक को अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट लिया है. सुबह बैंक खुलते ही पांच अपराधी अंदर घुसे और कर्मचारियों को बंधक बना लिया. इसके बाद अपराधियों ने बैंक से लाखों की नकदी और जेवरात लूट लिए.
उस वक्त कुछ ग्राहक भी बैंक में थे. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस छानबीन करने पहुंची है. बताया जा रहा है कि करीब 43 लाख रुपये की लूट हुई है. अधिकारी कैश का मिलान कर रहे हैं. इसके बाद ही आधिकारिक तौर पर पता चल सकेगा कि कितनी नकदी और कितने जेवरात लूटे गए.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की शिनाख्त करने में जुटी है. शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने बैंक अधिकारियों का बयान दर्ज किया है.
जांच करने पहुंचे ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल ने बताया कि हथियारबंद 5 अपराधियों ने केनरा बैंक की शाखा में घुसकर कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर अपने कब्जे में लिया. बैंक के गार्ड द्वारा विरोध करने पर डकैतों ने उसे मारकर घायल कर दिया और बैंक मैनेजर से लॉकर खुलवाकर करीब 43 लाख रुपये और ग्राहकों के गोल्ड लोन वाला सोना लूट कर फरार हो गए.
