चतराः झारखंड में चतरा के कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार अभियुक्तों में बानासाम टोला पाठकडीह निवासी कमलेश भारती (22) और मनोज कुमार (19) शामिल है.
पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि दोनों युवकों ने अपना अपराध स्वीकार किया है.
उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव स्थित झाड़ियों में एक नाबालिग लड़की का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य संकलित किए गए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार, पुलिस ने घटना के बाद लगातार छापेमारी करते हुए दोनों युवको को गिरफ्तार किया.
डीजे बजने के दौरान खींच कर ले गये
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 14 सितंबर को तीज पर्व के अवसर पर गांव में डीजे बज रहा था. नाबालिग लड़की भी डीजे देखने पहुंची थी.
इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों उसे खींचकर झाड़ियों की ओर ले गए. वहां दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और बाद में उसके दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर नाबालिग की लाल रंग की टॉर्च, हेयर पिन, घटना के समय आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़े तथा कमलेश भारती का लावा कंपनी का एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किया है.
