रांचीः राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव और पार्टी के विधायकों ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव में प्रणव झा की हार के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है. राजद पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाने से पहले कांग्रेस अपनी गिरेबां में झांके.
शुक्रवार को पार्टी के हरमू बाई पास रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में राजद नेताओं ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू के बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने राज्यसभा चुनाव में राजद और माले पर धोखा देने का आरोप लगाया था.
राजद के महासचिव भोला प्रसाद यादव ने कहा कि राजद के विधायकों ने महागठबंधन धर्म निभाया है. उनके विधायकों ने लालू प्रसाद के नीति व सिद्धांतों से समझौता नहीं की है. के. राजू को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है.
भोला प्रसाद यादव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में वे पार्टी के इलेक्शन एजेंट थे. राजद के सभी विधायकों ने उन्हें दिखाकर वोट दिया. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सांप्रदायिक ताकतों से कभी भी हाथ मिलाने का काम नहीं किया है. अगर ऐसा करते तो वे जेल नहीं जाते। उन्हें तरह-तरह के केस में फंसाया गया, इसके बावजूद उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं की.
राजद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि के राजू का बयान चिंताजनक है. यह गठबंधन की सेहत के लिए अच्छा नहीं है. कांग्रेस को सोचना चाहिए कि जब-जब कांग्रेस पर आफत आयी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बचाया.
आलाकमान के आदेश पर
हेमंत सोरेन की सरकार में राजद कोटा के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि पार्टी के आलाकमान का आदेश था कि गठबंधन को वोट करना है, प्रणव झा को जिताना है. उसी उद्देश्य से राजद के सभी विधायकों ने मतदान किया. पार्टी के नेता भोला प्रसाद यादव चुनावी एजेंट थे. उन्हें देखा कर ही राजद विधायकों ने मतदान किया. राजद की फितरत में धोखा देना नहीं है.
