रांचीः झारखंड में राज्यसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सरकार के सहयोगी दलों में मचे घमासान और कांग्रेस के प्रभारी के राजू के खिलाफ तल्ख टिप्पणियों के बचाव में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की प्रतिक्रिया सामने आई है
शिल्पी नेहा तिर्की ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग के. राजू पर अनर्गल और भ्रामक टिप्पणियां कर रहे हैं, जबकि उनका पूरा जीवन गरीबों, किसानों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा है.
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मनरेगा, सूचना का अधिकार (आरटीआई), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून, भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास कानून जैसे ऐतिहासिक जनकल्याणकारी प्रयासों में के. राजू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है.
मंत्री ने कहा कि के. राजू की पहचान किसी पद से नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, जनसेवा और प्रतिबद्धता से है. उन्होंने कहा कि बिना तथ्य और प्रमाण के आरोप लगाने वाले लोग अपनी सोच और विश्वसनीयता का स्वयं परिचय देते हैं.
गौरतलब है कि राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद के राजू ने राजद और माले विधायकों पर धोखा देने का आरोप लगाया था. इन आरोपों के बदले में राजद और माले के नेताओं ने के राजू को निशाने पर लेते हुए धोखा देने से इनकार कर रहे हैं.
