रांचीः झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जमशेदपुर के डबल डाउन बार में विवाद के बाद हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर बीजेपी के आरोपो पर पलटवार किया है.
बहरागोड़ा से जेएमएम के विधायक समीर मोहंती और पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बयान जारी कर कहा है कि भारतीय जनता पार्टी जिस प्रकार राजनीतिक रोटियां सेंकने और राज्य सरकार पर निराधार आरोप लगाने में जुटी है, वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि उसकी दोहरी मानसिकता और राजनीतिक अवसरवादिता को भी उजागर करता है.
आदित्य साहू से सवाल
जेएमएम नेताओं ने कहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को जनता के सामने सबसे पहले यह बताना चाहिए कि जिस डबल डाउन बार में यह हत्याकांड हुआ, उसका मालिक भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह हैं. जिन लोगों पर इस जघन्य अपराध में संलिप्तता के आरोप हैं, वे उसी व्यक्ति के संरक्षण में पलने वाले गुंडे बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिमांशु सिंह और प्रत्यूष का गुनाह केवल इतना था कि उन्होंने महिलाओं से कथित छेड़खानी का साहसपूर्वक विरोध किया.
सरकार कानून हाथ में लेने नहीं देगी
नेताओं ने कहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा स्पष्ट करता है कि इस जघन्य अपराध के एक-एक दोषी को कानून के कठघरे तक पहुंचाना हेमंत सोरेन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. घटना के तुरंत बाद हेमंत सोरेन सरकार ने बिना किसी दबाव या भेदभाव के त्वरित कार्रवाई की. डबल डाउन बार को तत्काल सील किया गया. लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया. दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाए गए। पूरे मामले की मुख्यमंत्री स्वयं लगातार निगरानी कर रहे हैं तथा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
