रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जांच कर रही सीआइडी की टीम ने बुधवार को पलामू में दबिश दी. सीआइडी को दो शिक्षकों की तलाश है, जिनके बारे में सिंडिकेट में शामिल रहने की जानकारी मिली है. लेकिन दोनों शिक्षक अपने घरों में नहीं मिले.
इससे पहले तीन अगस्त को सीआइडी ने इन्हीं दो शिक्षकों के समेत अलगृ-अलग जिलों में 18 ठिकानों पर छापेमारी की थी.
शिक्षकों की तलाश में सीआइडी के अधिकारियों के साथ पलामू पुलिस की टीम भी शामिल रही. पुलिस बलों के साथ सीआइडी की टीम ने नौडीहा बाजार निवासी सरकारी शिक्षक संतोष कुमार सिंह तथा मेदिनीनगर के हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार के आवास पर पहुंचे.
जानकारी के मुताबिक सीआइडी ने दोनों की गिरफ्तारी का वारंट लिया है.
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है.
