रांची: झारखंड में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया. स्कूल, कॉलेज, सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के अलावा राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने भी योगाभ्यास के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए.
राजकीय कार्यक्रम रांची विश्वविद्यालय के स्वर्णजयंती दीक्षांत मंडप में हुआ.
इस कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, रांची के भाजपा विधायक सीपी सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के निदेशक शशि प्रकाश झा, राज्य की औषधि नियंत्रक ऋतु सहाय, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ सरोज शर्मा, झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जनसमूह के साथ योगाभ्यास किया.
इनके अलावा विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, योग प्रशिक्षकों एवं नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया. योगासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया
राज्य योग सेंटर की योग प्रशिक्षक डॉ अर्चना कुमारी समेत अन्य प्रशिक्षकों ने सभी लोगों को योगाभ्यास कराया.
इरफान अंसारी, संजय सेठ समेत अन्य गणमान्य लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग को अपने जीवन में आत्मसात करने पर बल दिए.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, योग सदियों से भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का अभिन्न अंग रहा है. आज के तनावपूर्ण और व्यस्त जीवन में योग मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है.
