जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी ) के प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी छात्रा के पिता पर कथित जानलेवा हमला करने के मामले में गिरफ़्तार अभियुक्त स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है.
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया था.
समाचार एजेंसियों एएनआई और पीटीआई के मुताबिक, स्वतंत्र भारद्वाज के वकील उमेश शर्मा ने कहा, “जो जानकारी हमारे पास है, उसके मुताबिक स्वतंत्र को एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. उनके घर वाले हमारे संपर्क में हैं. उन्हें अचानक से गिरफ़्तार किया गया है. इसमें बहुत सारी गफलतें होती हैं. रात को अचानक उन्हें उठाकर ले जाया गया.”
लाइव लॉ के मुताबिक स्वतंत्र भारद्वाज को 5 सितंबर को लगभग दोपहर 2 बजे पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह ललेर के आवास पर पेश किया गया.
गौरतलब है कि हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज, कॉकरोच जनता पार्टी की कार्यकर्ता निशु आज़ाद के पिता पर जानलेवा हमले की बात स्वीकार करते हुए दिखे थे.
इसी वीडियो में भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि राजनीतिक संबंधों के चलते उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
