रांचीः झारखंड के प्रसिद्ध हुंडरू जलप्रपात में बुधवार को दो सैलानियों को गहरे पाने में डबने से स्थानीय पर्यटक मित्रों ने बचा लिया. रांची से यह जल प्रपात करीब 35 किलोमीटर दूर है.
इस बीच मंगलवार और बुधवार की बारिश के चलते रांची के आसपास के सभी जल प्रपातों में पानी के तेज बहाव और उफान को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा चेतावनी जारी की है.
जानकारी के मुताबिक बिहार के आरा से घूमने पहुंचे दो पर्यटक हुंडू के मगतूमारा दह में नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. दोनों को पानी में डूबते देख ड्यूटी पर तैनात पर्यटक मित्रों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
समय पर मदद मिलने से दोनों पर्यटकों की जान बच गई। घटना के बाद पर्यटकों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. बारिश के मौसम में हुंडरू फॉल के आसपास पानी का बहाव और गहराई खतरनाक हो सकती है. ऐसे में पर्यटकों से सावधानी बरतने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
प्रशासन ने सुरक्षा चेतावनी जारी की
जिला प्रशासन ने जारी रिलीज में कहा है कि रांची और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जोन्हा, हुंडरू, दशम फॉल एवं सीता फॉल, रिमिक्स फॉल एवं अन्य सभी जलप्रपातों (डैम ) में उफान पर है. इन जलप्रपातों में जलधारा की प्रबल गति और चट्टानों से टकराने वाली धाराएं प्रकृति की अपार शक्ति का प्रदर्शन कर रही हैं. हालांकि यह दृश्य आकर्षक और मनोरम है, लेकिन यह अत्यंत खतरनाक भी है. एक छोटी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
जोखिम भरा है, बोटिंग कतई नहीं करें
जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने पर्यटकों, आगंतुकों और स्थानीय लोगों से जोन्हा और हुंडरू जलप्रपातों के आसपास के क्षेत्रों में जाने पर अतिसावधानी बरतने की अपील की है. वर्तमान में जलप्रपातों के आसपास का क्षेत्र अत्यंत जोखिम भरा है. तेज जलधारा, फिसलन भरी चट्टानें और अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना पर्यटकों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही है.
इसलिए सुरक्षा के लिहाज से कोई पर्यटकों से दूर से ही जल प्रपातों का नजारा लेने और बोटिंग कतई नहीं करने को कहा गया है. साथ ही मौसम विभाग के जारी निर्देशों और पूर्वानुमान को ध्यान में ऱखते हुए सुरक्षित रहने को कहा गया है.
