रांची। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा ने राज्य में केंद्र और राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के मद्देनजर सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआइजी, जोनल आइजी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं.
डीजीपी ने हर हाल में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मु्कत परीक्षा कराने पर जोर दिया है. इसके साथ ही पेपर लीक नेक्सस पर कड़ी निरगानी के लिए जरूरी बिंदुओं पर निगरानी करने को कहा गया है.
इसके साथ ही सभी जिलों में परीक्षा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए को-ऑर्डिनेशन कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं.
आने वाले दिनों में नीट, जेईई, सीयूईटी, झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग से जुड़ी परीक्षाएं होनी हैं. इन परीक्षाओं को कदाचार मुक्त कराने से लेकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तक के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया.
पेपर लीक नेक्सस पर नजर
पूर्व में झारखंड में कथित पेपर लीक से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं. नीट की परीक्षा में कथित तौर पर पेपर लीक के मामले में झारखंड में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं.
इसके अलावा जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान कथित पेपर लीक मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस को बड़ी कार्रवाई भी करनी पड़ी है.
पूर्व की घटनाओं के मद्देनजर इस बार पहले ही डीजीपी ने अधिकारियों को सतर्क किया है कि भविष्य में किसी तरह की कोई परेशानी न हो.
डीजीपी ने तीन मई को होने जा रही नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की और परीक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला स्तर पर समन्वय समिति का गठन करने व स्वच्छ रूप से परीक्षा संचालन करवाने का भी सभी एसपी को निर्देश दिया.
प्रश्नपत्रों का हो सुरक्षित परिवहन
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करें. पुलिस की निगरानी में स्ट्रांग रूम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्रों का सुरक्षित परिवहन कराएं. सभी जिलों में परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के पूर्व निरीक्षण करने के लिए एक नोडल पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त करें.
होटल, लॉज हॉस्टलों की जांच
डीजीपी ने जिले के पुलिस अधिकारियों से कहा है कि परीक्षा के पूर्व जिले के होटल, लाज, धर्मशाला व हास्टलों की जांच करें। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष निगरानी रखें. परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे व संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर कड़ी निगरानी रखें.
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विधि व्यवस्था बनाएं, संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर बनाए रखें। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से पूर्व नोडल अधिकारी परीक्षा केंद्रों, हाल एवं कमरों की जांच करें.
इसके साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करें, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में पहुंचने में कठिनाई न हो.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक में डीजीपी के साथ एडीजी सीआइडी मनोज कौशिक, आइजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, आइजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल, एसपी अभियान दीपक कुमार शर्मा मौजूद थे. वहीं, वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी जोनल आइजी, रेंज डीआइजी, एसएसपी व एसपी जुड़े थे.
