रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ रांची में जारी छात्रों के आंदोलन के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है.
राहुल गांधी ने कहा कि वह हर मुद्दे पर छात्रों के साथ खड़े हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और शिक्षा आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है. उन्होंने सभी सरकारों से छात्रों की आवाज़ सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की.
कांग्रेस सांसद ने गुरुवार को कहा कि झारखंड समेत सभी सरकारों को छात्रों की बात सुननी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए कदम उठाने चाहिए.
राहुल गांधी ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक जेन जी युवा के सवाल के जवाब में यह भी कहा कि उन्होंने कोटा और देहरादून में छात्रों का मुद्दा उठाया है और आठ अगस्त को प्रयागराज जाकर भी छात्रों के मुद्दों पर बात करेंगे. उन्होंने कहा, “पूरे देश में छात्रों का प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ हो रहा है. मैंने कोटा और देहरादून में कहा है और इलाहाबाद (प्रयागराज) में जाकर कहने वाला हूं कि हमारी शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त, बहुत महंगी और दमनकारी है.”
राहुल गांधी ने कहा, “चाहे कांग्रेस की सरकार हो, केंद्र सरकार हो या झारखंड की सरकार, हर सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था को बदलने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.”
इससे पहले कांग्रेस पार्टी के झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी के राज्य के नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा.
राजू ने एक्स पोस्ट में कहा, “हमने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने और ठोस समाधान सुझाने के लिए मंत्रिस्तरीय समिति गठित करने के मुख्यमंत्री के सकारात्मक एवं संवेदनशील फैसले के लिए उनका धन्यवाद किया.” उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस न्याय की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में खड़ी है.
