रांची– झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में अनियमतता की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने शिवांगन कोचिंग के संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है.
जांच एजेंसी ने सीआईडी में दर्ज कांड संख्या 16/2026 के तहत यह कार्रवाई की है. हालांकि सजीत अप्राथमिक अभियुक्त है.
उसे रांची के रातू रोड स्थित घर से गिरफ्तार किया गया है. जांच एजेंसी को जानकारी मिली है कि वह एजेंट के तौर पर सेटिंग का काम कर रहा था.
इसके अलावा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड स्नातक योग्यता धारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 में कथित अनियमितता के संबंध में दर्ज सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में एसआईटी ने दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है.
दिलीप कुमार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान इलाके से गिरफ्तार किया. वह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का रहने वाला है. जांच एजेंसी को जानकारी मिली है कि दिलीप ने जेएसएसी-सीजीएल के कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में गलत तरीके से अनुचित लाभ पहुंचाया था. बंगाल के आसनसोल में कई अभ्यर्थियों को उसने सवाल रटवाये थे. साथ ही कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाए थे.
सीआईडी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
