भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश की खरगोन रिजर्व सीट से सांसद गजेंद्र पटेल को झारखंड बीजेपी का नया प्रभारी नियुक्त किया है. वे लक्ष्मीकांत वाजपेयी की जगह लेंगे.
सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को झारखंड में सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
अलग- अलग राज्यों में सांगठनिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए पार्टी ने कई नये प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की घोषणा की है.
इसके तहत दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, लद्दाख और लक्षद्वीप समेत कई राज्यों में भी नई जिम्मेदारियां तय की हैं. साथ ही कई राज्यों में सहप्रभारियों की भी घोषणा की गई है.
संगठन में किए गए इस फेरबदल को आगामी समय में राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है.
पार्टी की ओर से जारी सूची में झारखंड के दो नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है. झारखंड से राज्यसभा के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा और पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है.
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा का चुनाव होना है. जाहिर तौर पर दोनों नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है.
कौन हैं गजेंद्र पटेल
गजेंद्र पटेल की नियुक्ति को झारखंड में संगठन और खासकर आदिवासी इलाके में खिसकी जमीन को मजबूत करने तथा राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
51 साल के पटेल मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के रहने वाले हैं. पेशे से कृषि से जुड़े गजेंद्र पटेल लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं. आदिवासियों के लिए रिजर्व खरगोन-बड़वानी से वे सांसद हैं.
2019 में वे पहली बार चुनाव जीतेे. इसके बाद 2024 में भी उन्होंने जीत दर्ज की. इससे पहले वे भगवानपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं.
वे मध्य प्रदेश के प्रमुख आदिवासी भिलाला समाज से आते हैं, जो मुख्य रूप से भील जनजाति का ही एक उप-समूह माना जाता है. मध्यप्रदेश में पार्टी की अनुसूचित जनजाति मोर्चा के वे अध्यक्ष भी रहे हैं.
