रामगढ़ः जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त महाअभियान के तहत सोमवार को छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के सदस्यों के साथ दिशोम गुरुजी शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा से यात्रा निकाली.
यह यात्रा राज्य के सभी 24 जिलों में जाएगी. इस यात्रा के जरिए देवेंद्र नाथ महतो झाखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को रोकने के साथ व्यापक सुधार की मांग को मजबूती देंगे.
यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को देवेंद्र का कारवां हजारीबाग जिला में प्रवेश करेगा.
देवेंद्र नाथ महतो ने रांची में हुए छात्र आंदोलन के दौरान 16 दिनों की भूख हड़ताल भी की थी.
उन्होंने कहा है कि जेपीएससी तथा जेएसएससी की परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग की सरकार अनदेखी कर रही है. जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच आंदोलन के दूसरे चरण के साथ बढ़ चुका है. जब तक झारखंडी छात्रों और युवाओं को न्याय नहीं मिलता, यह संघर्ष जारी रहेगा.
गुरुजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि
सोमवार को एक बस पर सवार न्याय मंच के सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा पहुंचे थे. देवेंद्र खुद बस चला रहे थे. यहां पर गुरुजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सभी लोगों ने संघर्ष करने के लिए संकल्प लिया. इसके बाद नेमरा से गोला चौक तक पैदल मार्च निकाला गया.

छात्रों के साथ धोखा
देवेंद्र ने कहा है कि राज्य सरकार ने आंदोलनरत छात्रों के साथ प्रत्यक्ष रूप से विश्वासघात किया है. सरकार की साजिश एवं न्यायालय के समक्ष तथ्यों के पेशी में उदासीनता के खिलाफ पूरे राज्य में जागरण अभियान चलाया जाएगा.
यात्रा का समापन राजधानी रांची में होगा, जहां सरकार के रवैये के खिलाफ व्यापक विरोध दर्ज कराया जाएगा.
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के संयोजक राम अवतार महतो ने कहा कि आंदोलन के प्रथम चरण में सफल सत्याग्रह धरना एवं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की गई थी. सरकार ने साजिश के तहत छात्रों को धोखा दिया है. सरकार ने छात्रों के हितों की अनदेखी करते हुए न्यायालय में उनके पक्ष को मजबूती से नहीं रखा है। जांच के तथ्यों को न्यायालय के समक्ष मजबूती से रखना चाहिए.
नेमरी की यात्रा कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूजा महतो, युमी हबीबा, पूजा महतो, प्रेम नायक, कुश महतो, खुशबू कुमारी, कमलेश चौधरी, मनोज यादव, बेबी महतो, राजेश प्रसाद, चंदन रजक, अयूब अली, संतोष चौधरी, भारती कुशवाहा, गुड्डी देवी सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावक उपस्थित रहे.
