रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में जारी छात्रों के आंदोलन के समर्थन में भाजपा के विधायकों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया. इसके बाद पार्टी के विधायक मास्क लगाकर सदन के अंदर पहुंचे.
गुरुवार से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हुआ है. जेपीएससी, जेएसएससी के सवाल पर सत्र के हंगामेदार होने के आसार है.
गुरुवार को एनडीए के विधायकों ने सदन शुरू होने से पहले जेपीएससी, जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआइ जांच कराने की मांग वाली तख्तियां लेकर सदन के सामने प्रदर्शन किया.
इसके बाद सदन के अंदर मुंह पर मास्क लगाकर पहुंचे. मास्क पर लिखा था – “न्याय चाहिए, धोखा नहीं। जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल सभी परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराओ.”
भाजपा विधायक खड़े होकर जेपीएससी का मामला उठा रहे थे. इसी बीच स्पीकर का संबोधन भी शुरू हुआ.
नेता प्रतिपक्ष ने प्रतियोगिता परीक्षाओं में गड़बड़ियों की ओर सदन का ध्यान दिलाते हुए इस बात पर जोर दिया कि सरकार सीबीआइ जांच कराने से क्यों कतरा रही है.
सदन में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बजट सत्र के दौरान सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों पर एक्शन टेकेन रिपोर्ट (एटीआर) पेश की.
शोक प्रस्ताव के बाद विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
