चतराः झारखंड के चतरा में उत्पाद विभाग ने एक नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. बिहार की सीमा से सटे वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र के औरवा-होसिल जंगल में संचालित इस फैक्ट्री में उत्पाद विभाग और चतरा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा. इस दौरान अलग-अलग ब्रांड में तैयार शराब की 391 पेटियां जब्त की गई.
उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव ने मीडिया को बताया है कि शराब बनाने के लिए केमिकल और स्पिरिट भी भारी मात्रा में बरामद की गई है. शराब जब्त करते हुए अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया गया है.
उन्होंने बताया कि दिलीप यादव उर्फ करण यादव के घर में नकली अंग्रेजी शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई.
उन्होंने बताया कि शराब के धंधेबाज स्पिरिट में कैरेमल व एसेंस मिलाकर नकली शराब तैयार करते थे. इसके बाद उसे रॉयल स्टेग, रॉयल चैलेंज और आइकॉनिक वाइट जैसे ब्रांडों की बोतलों में भरकर नकली लेबल और होलोग्राम लगाते थे.
तैयार शराब को आगामी त्योहारों के दौरान बिहार समेत अन्य राज्यों में खपाने की तैयारी थी.
उत्पाद अधीक्षक नें बताया कि छापेमारी में 391 पेटी बोतलबंद शराब बरामद हुई है. इसमें 9,888 बोतलों में करीब 3,500 लीटर नकली शराब है. इसके अलावा 39 गैलन में करीब 1,600 लीटर स्पिरिट, करीब 2,000 लीटर तैयार रंगीन शराब, 40 लीटर कैरेमल, बड़ी संख्या में ब्रांडेड लेबल, होलोग्राम, ढक्कन, एडहैसिव व खाली बोतलें बरामद की गईं. बोतलों की पंचिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली तीन मशीनें भी जब्त की गईं.
उन्होंने बताया कि छापेमारी टीम के पहुंचते ही तस्कर फरार हो गए. मामले में दिलीप यादव, अरुण कुमार तिवारी व मिथिलेश कुमार यादव समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
