झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार छात्रों से बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है और इसके लिए पहले ही संवाद का एक माध्यम तय किया जा चुका है.
विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेने के दौरान छात्र आंदोलन पर उन्होंने मीडिया को यह जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि सरकार हर छात्र की समस्याओं को समझना चाहती है और उसी के आधार पर आगे का रास्ता तय करेगी.
हेमंत सोरेन ने कहा, “हम पहले ही संवाद का एक माध्यम तय कर चुके हैं. हम बातचीत के लिए तैयार हैं. सरकार हर छात्र की समस्या को समझने की इच्छुक है.”
सभी जिलों के छात्रों की राय लेंगे
उन्होंने कहा कि सरकार अब छात्रों की मांगों और सुझावों को सिर्फ रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम तक सीमित नहीं रखना चाहती.
मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार सभी ज़िलों के छात्रों की राय और सुझाव जुटाएगी, ताकि किसी भी फैसले में हर क्षेत्र के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. इससे समाधान ज्यादा व्यापक और सभी के हित में होगा.”
हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार जल्द ही झारखंड और देशभर के छात्रों, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं से सुझाव एकत्र करेगी. इन सुझावों के आधार पर तय समय सीमा के भीतर ज़रूरी सुधार और सकारात्मक बदलाव की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.
रांची में हुए छात्र प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब छात्र विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से संवाद और समाधान की मांग कर रहे हैं. सरकार का कहना है कि वह छात्रों की बात सुनकर आगे की रणनीति तय करेगी.
मुख्यमंत्री ने इससे पहले भी कहा है कि सरकार छात्र आंदोलन को लेकर संवेदनशील हैं. जांच एजेंसियां भी अपना काम कर रही है.
